
भारत में सोशल मीडिया के टॉप इन्फुएंसर्स में सलमान खान छठें पायदान पर हैं, अनुपम खेर 12वें पर और सोनम कपूर 31वें पर। 12 नवंबर को रिलीज होने वाली फिल्म प्रेम रतन धन पायो में सोशल मीडिया के तीनों महारथी एक साथ काम कर रहे हैं। ये वे लोग है, जो सोशल मीडिया की ताकत को समझते भी है और उसका उपयोग भी करते हैं। जैसे नरेन्द्र मोदी ने पिछले लोकसभा चुनाव में सोशल मीडिया का बाखूबी उपयोग किया था, वैसे ही ये लोग भी जुटे है। नरेन्द्र मोदी इस सूची में चौथे नंबर पर हैं।

लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का जिस तरह सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रचार किया गया था। लगभग वैसा ही प्रचार फिल्म प्रेम रतन धन पायो का किया जा रहा है। सोशल मीडिया का कोई भी मंच छोड़ा नहीं गया। प्रेम रतन धन पायो को सोशल मीडिया पर फॉलो करने वालों की संख्या करोड़ का आंकड़ा छू चुकी है। फिल्म के अपने अकाउंट तो है ही। सलमान खान, राजश्री प्रोडक्शन्स, नील नितिन मुकेश, सोनम कपूर, फॉक्स स्टार हिन्दी, हिमेश रेशमिया, पलक मुछाल, अनुपम खेर आदि ने अपने सोशल अकाउंट और अपने प्रशंसकों के अकाउंट से फिल्म के प्रचार की लगाम युद्ध स्तर पर थाम ली है। पीआरडीपी (फिल्म का संक्षिप्त नाम) के नाम के कई अकाउंट सोशल मीडिया पर है। लोकसभा चुनाव के बाद किसी एक मुद्दे पर सोशल मीडिया में इतनी गहमागहमी देखने को नहीं मिली थी। न ही किसी एक फिल्म के लिए सोशल मीडिया के तंत्र को इस तरह इस्तेमाल करने का कोई उदाहरण भारत में है।
सलमान खान और उनके प्रशंसकों के दर्जनों सोशल मीडिया अकाउंट के साथ ही इस फिल्म के प्रचार में अनेक सोशल मीडिया अकाउंट एक्टिवेट हो गए है। इनमें प्रेम इज बेक दिस दीवाली, प्रेम की मैथिली, प्रेम की प्राजू, प्रेम आ गया जैसे अनेक अकाउंट भी फिल्म के प्रचार के लिए है। एक-दूसरे की पीठ थपथपाने और हौसला अफजाई का महाकुंभ सोशल मीडिया पर चल रहा है। इस फिल्म से सुपरस्टार और फिल्म जगत की अनेक कंपनियों का भाग्य जुड़ा हुआ है।

दावा किया जा रहा है कि प्रेम रतन धन पायो का पहला ट्रेलर सोशल मीडिया पर लांच होते ही 15 घंटे में 30 लाख और 24 घंटे के भीतर 50 लाख लोगों द्वारा देखा गया। राजश्री प्रोडक्शन्स के यू-ट्यूब पर इसके ट्रेलर योजनाबद्ध तरीके से लांच किए गए। फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, गूगल प्लस और यू-ट्यूब पर लाइक्स की संख्या हर मिनिट बढ़ती जा रही है। 16 साल के बाद सलमान खान और राजश्री प्रोडक्शन्स साथ-साथ आ रहे है। 16 साल पहले जो फिल्म बनी थी, उसका नाम था- ‘हम साथ-साथ है’, उसके पहले ‘हम आपके हैं कौन’ आई थी और उसके भी पहले ‘मैंने प्यार किया’। दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे (डीडीएलजे) की तर्ज पर इस फिल्म का नाम भी पीआरडीपी प्रचारित किया जा रहा है।
फिल्म के प्रचार में सोनम कपूर ने अलग एक मोर्चा खोल रखा है और वे इंस्ट्राग्राम पर प्रेम रतन धन पायो से जुुड़ी बातें लगातार शेयर कर रही है। सोनम कपूर ने अपने शेयर किए गए इन वीडियो में हेयर स्टाइलिस्ट और मेकअप मेन के अलावा सहकलाकारों को भी दिखाया है। यह फिल्म राजश्री प्रोडक्शन्स के सूरज बड़जात्या की कमबैक फिल्म बताई जा रही है।

सोशल मीडिया पर बताया जा रहा है कि इस फिल्म की लागत करीब 150 करोड़ रुपए होने की संभावना हैं। फिल्म के संगीत से 17 करोड़ रुपए और सेटेलाइट अधिकार बेचकर करीब 50 करोड़ रुपए कमाए जा चुके है। अभी तक किसी भी फिल्म के म्यूजिक राइट्स से 17 करोड़ रुपए की कमाई किसी को नहीं हुई है। फिल्म के भीतर कुछ प्रमुख ज्वेलर्स के विज्ञापन भी है, उनसे कितना पैसा लिया गया, यह किसी को पता नहीं। कहा जा रहा है कि सलमान खान ने इस फिल्म के लिए एक पैसा भी नहीं लिया है, लेकिन उन्हें इस फिल्म के कुल मुनाफे में से 50 प्रतिशत मिलने वाला है। फिल्मी दुनिया के ट्रेड पंडितों के मुताबिक फिल्म बजरंगी भाईजान और बाहुबली से भी ज्यादा कारोबार करेगी, ऐसी संभावना है। अगर इस फिल्म से 150 करोड़ का भी मुनाफा हो तो इसका मतलब हुआ सलमान के खाते में 75 करोड़ रुपए तो आ ही गए।
12 नवंबर को रिलीज होने वाली इस फिल्म में सलमान खान के साथ सोनम कपूर, नील नितिन मुकेश, अनुपम खैर, स्वरा भास्कर, संजय मिश्रा, दीपक डोब्रियाल और अरमान कोहली की भूमिकाएं है। इस फिल्म के डॉयलॉग्स को योजनाबद्ध तरीके से प्रचारित किया जा रहा है और कुछ डॉयलॉग तो लोगों की जुबान पर भी चढ़ गए है जैसे-
- मैं वापस आ गया... मैं वापस आ गया...
- हर फैमिली में प्रॉब्लम्स हैं, पर वे खुशनसीब है जिनकी फैमिली होती हैं...
- किसी के हाथ चलते हैं, किसी के पैर चलते हैं, हमारे दोनों चलते है...
- रावण के सारे पाप करेंगे जीरो, मर्यादा पुरुषोत्तम हमारे हीरो...
- कभी-कभी लगता है कि तुम कोई और हो...
फिल्म के डॉयलॉग के अलावा इसकी कहानी को भी सोशल मीडिया के विशेषज्ञों ने उजागर कर दिया है। सलमान खान की दोहरी भूमिका की बात उजागर होने के साथ ही बताया जाता है कि यह फिल्म अंग्रेजी के उपन्यास प्रिजनर ऑफ जेंडा (लेखक एंथोनी होप) से प्रभावित है। जिस पर पहले ही तीन फिल्में बन चुकी है। ये फिल्में 1937, 1952 और 1979 में अंग्रेजी में बनी थी।
सूरज बड़जात्या की फिल्म हम साथ-साथ है को रामायण से प्रेरित बताया जाता था। उसी तरह इस फिल्म को भी इन अंग्रेजी फिल्मों से प्रेरित बताया जाता है। इस फिल्म का भारतीयकरण कर दिया गया है और कहानी को राजस्थान के महलों में फिल्माया गया है। इस फिल्म में भी राजकुमार का सौतेला भाई उसकी गद्दी हासिल करने के लिए साजिश रचता है पर उसे नाकाम करने के लिए राजकुमार को ही बदल दिया जाता है और उसके हमशक्ल को राजकुमार की जगह पेश किया जाता है। नील नितिन मुकेश सलमान का सौतेला भाई बना है और स्वरा भास्कर ने सलमान की बहन की भूमिका की है। सोशल मीडिया पर अभी भी यह रहस्य है कि सलमान खान के दो नाम प्रेम और विजय है या प्रेम और रतन।

सोशल मीडिया पर प्रेम रतन धन पायो का प्रचार उसे कहां तक ले जाएगा, अभी कहा नहीं जा सकता। ट्रेड पंडित कहते हैं कि दीवाली पर रिलीज होने वाली फिल्मों को आमतौर पर अच्छी ओपनिंग मिलती है। इसके अगले हफ्ते भी कोई प्रमुख फिल्म नहीं आने वाली है।
पिछले वर्ष हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा को जिताने में सोशल मीडिया की भूमिका अहम थी। क्या सोशल मीडिया की मदद से इस फिल्म के भारी भरकम प्रचार का फायदा प्रेम रतन धन पायो को मिल पाएगा? विशेषज्ञों का कहना है कि हां, सोशल मीडिया पर सक्रिय लोगों की संख्या में अधिकांश की उम्र 12 साल से 40 साल तक की ही है और यहीं वर्ग सिनेमा घरों में जाकर फिल्म देखता है।