
पिछले दिनों सलमान खान ने ट्वीट किया था -- "पलक मुछाल के खर्चे और प्रयासों से होनेवाली हार्ट सर्जरी की संख्या 800 हो चुकी हैं. पलक, तुम पर फ़ख़्र है! " अच्छा लगा। दोनों मानवतावादी, दोनों इंदौरी और दोनों बॉलीवुड स्टार ! पलक मुछाल जब बित्ते भर की बेबी डॉल थी, तब से उसे जानता हूँ. अब बी. कॉम. हो गई है, 23 साल की. स्टार तो वह पहले भी थी, आज भी है. पलक मुछाल हार्ट फाउंडेशन के सहयोग से 800 बच्चों के हार्ट ऑपरेशन के बाद पलक के कमरे में (प्रति ऑपरेशन एक डॉल के हिसाब से) 800 + डॉल्स हो गई हैं, जो उसके कारण धड़क रही हैं और उन बच्चों के परिजनों की हजारों धड़कने भी पलक के लिए हैं. पलक ने अपने गायन से धन इकठ्ठा कर इन ऑपरेशन का खर्च उठाया है. पलक का गाना दिल को छू जाता है और उसके काम भी, जो मिसाल हैं.


कुछ साल पहले पलक को पद्मश्री देने पर विचार किया जा रहा था, लेकिन पद्मश्री नहीं दी गई क्योंकि यह कहा गया था कि इतनी छोटी लड़की को पद्म सम्मान मिला तो शायद वह घमंडी हो जाएगी. पलक के पास घमंडी होने के कई कारण हैं लेकिन वह धरती पर है, यह अच्छी बात है. वह अपने गाने व्हाट्स एप्प पर अक्सर शेयर करती है. एक बार मैंने उसका उच्चारण दोष बता दिया। उसने तत्काल विनम्रता से जवाब दिया. आभार भी माना. बजरंगी भाईजान के 'कुकड़ू कूँ' गाने के बाद मैंने पूछा कि क्या तुम भी 'भ्रष्ट' हो गई हो?


इलाज के लिए जरूरतमंदों को करोड़ों रुपये की मदद कर चुकी मिडिल क्लास मारवाड़ी-माहेश्वरी परिवार की पलक को सितारा बनाने वाले चार लोग अहम हैं--पहली तो पलक ख़ुद, माँ अमिता, पिता राजकुमार और चौथे शख़्स के बारे में पलक खुद कह चुकी हैं कि हाँ, बॉलीवुड में सलमान खान मेरे गॉडफादर हैं! पलक का छोटा (और कद में बड़ा) भाई पलाश संगीत और फिल्म निर्देशक है.

पलक ने खान, यशराज, राजश्री के बैनर में गाने के अलावा हिन्दी फिल्मों में 100 से ज्यादा और 12 भाषाओँ में गाने गाये हैं हजारों स्टेज शो किये हैं. आनेवाली फिल्म प्रेम रतन धन पायो, हमशक्ल्स, मिकी वायरस, ट्रिप टू भानगढ़, इश्क के परिंदे, थोड़ा लुत्फ़ थोड़ा इश्क़, ओम जय जगदीश हरे, लखनवी इश्क़ में उनके गाने हैं. आशिकी 2 (चाहूँ मैं या ना.… ; मेरी आशिकी… ), बजरंगी भाईजान (कूकड़ू कूँ …), हीरो (ओ खुदा ....) बाहुबली (पंछी बोले…), एक था टाइगर, जय हो, गब्बर इज़ बैक (तेरी मेरी कहानी … ), किक (जुम्मे की रात है…) में उनके गाने चर्चित रहे हैं.
आनेवाले कुछ साल पलक के होंगे, यह तय है!
पलक से बातचीत वीडियो